October 26, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

कार खाई में गिरी, एक की मौत

नैनीताल। भीमताल से घूमकर लौट रहे दोस्तों की कार सलेड़ी के पास देर रात गहरी खाई में गिर गई। हादसे में मदनपुर गौलापार निवासी एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मदनपुर गौलापार निवासी 27 वर्षीय शुभम बसेड़ा पुत्र जगदीश बसेरा दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। कुछ दिन पहले वह घर आया था। बुधवार को शुभम अपने दोस्त नमन चुफाल के साथ घूमने के लिए कार से भीमताल पहुंच गया। दिन में मस्ती करने के बाद दोनों दोस्त देर रात वापस लौट रहे थे। सलेडी गांव से दो किलोमीटर पहले कार अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई।हादसे में शुभम की मौत हो गई। जबकि नमन घायल हो गया। मृतक के दोस्तों ने बताया कि उन्हें सुबह घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे तो शुभम कार से बाहर निकला हुआ था। जिससे प्रतीत होता है कि उसने बचने का प्रयास किया होगा। लेकिन खाई से सड़क तक आवाज नहीं आने पर लोगों को जानकारी नहीं हो सकी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर, घायल की हालत खतरे से बाहर है।