November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

स्कॉर्पियो ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई, राजस्थान के तीर्थयात्री पिता-पुत्र की मौत

हरिद्वार। जनपद के बहादराबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एक स्कॉर्पियो ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इस हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद पिता-पुत्र के शव को गाड़ी काटकर बाहर निकाला। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में सात लोग सवार थे।
मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान की ओर से शनिवार तड़के एक परिवार हरिद्वार गंगा स्नान करने अपनी स्कॉर्पियो से आ रहा था। तभी उनकी गाड़ी बहादराबाद थाना क्षेत्र में बधेड़ी राजपूताना के पास ही पहुंची थी कि चालक को नींद की झपकी लग गई। जिससे उनकी गाड़ी उनसे आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इस  हादसे में पिता व पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक राम स्वरूप (40) और 3 साल के मासूम बच्चे के शव को कई घंटों की मशक्कत के बाद कटर से गाड़ी को काटकर बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि मृतक राजस्थान के जयपुर के रहने वाले थे। थानाध्यक्ष बहादराबाद रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि मामला शनिवार तड़के करीब पांच बजे का है। जब राजस्थान के जयपुर से हरिद्वार आ रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। गाड़ी के चालक को नींद की झपकी लग गई, जिसके चलते गाड़ी ट्रैक्टर में पीछे से जा टकराई। घटना में दो की मौत हुई है। जिसमें एक 3 साल का बच्चा है।