November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

इंतजाम बेअसर, शपथ ग्रहण समारोह से पहले जाम से जनता हुई बेहाल

देहरादून। शपथ ग्रहण समारोह से पहले व बाद में शहर की सड़कों पर जाम ही जाम दिखायी दिया। वहीं पुलिस के दावे फुस्स होते नजर आये। शपथ ग्रहण समारोह के लिए पुलिस प्रशासन ने कडे़ इंतेजाम किये हुए थे, पुलिस अधिकारियों ने दावा किया था कि राजपुर रोड के विक्रमों को दिलाराम चौक से मोड़ दिया जायेगा तथा रायपुर रोड के विक्रम सहस्त्रधार क्रासिंग तक ही आ सकेंगे। लेकिन ऐसा कुछ दिखायी नहीं दिया और राजपुर रोड के विक्रम ओरियन्ट चौक से मुड़कर कांग्रेस भवन के पास खडे़ दिखायी दिये, जिससे वहां पर जाम लगा रहा।
विक्रमों के मुड़ने व फिर वहीं पर सड़क किनारे खडे़ होने से जाम की स्थिति बन रही, जाम के चलते जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं रायपुर रोड के विक्रम सहस्त्रधारा क्रसिंग से नालापानी चौक होते हुए डीएवी कालेज से सर्वे चौक तक पहुंच रहे थे, जिससे गलियों में भी जाम लगने लगा और वहां से गुजरने वाले वाहनों के साथ ही गली-मौहल्ले में रहने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यही हाल सर्वे चौक से ईसी रोड, बेनी बाजार चौराहा का रहा। वहीं द्वारिका स्टोर तक वाहन चल नहीं रहे थे बल्कि रेंग रहे थे। जब वहां ऐसी स्थिति बन गयी तो एमकेपी रोड पर जाम लगना शुरू हो गया। इसका एक कारण यह भी माना जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों ने सड़क के दोनों तरफ पुलिस कर्मियों को खड़ा कर दिया था, लेकिन उनके साथ कोई यातायात पुलिस का जवान या फिर होमगार्ड को खड़ा करना चाहिए था। वह नये भर्ती (ट्रेनिंग वाले) सिपाही यही नहीं समझ पा रहे थे कि कहां का यातायात रोकें और कहां का चालू रखें। यह भी शहर में जाम का कारण रहा है। शाम तक शहर में कई स्थानों पर जाम की स्थिति रही।