November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर पैसे उड़ाने का आरोपी गिरफ्तार

कोटद्वार। पुलिस ने कोटद्वार और उसके आसपास के क्षेत्रों में एटीएम कार्ड की क्लोनिंग करने के आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले एक साल से फरार चल रहा था। फरार चल रहे इस आरोपी ठग पर दस हजार का इनाम भी रखा गया था, इसे एसटीएफ हरियाणा की मदद से गिरफ्तार किया गया है।
कोटद्वार कोतवाली के क्षेत्राधिकारी गणेश लाल कोहली ने बताया कि पिछले साल कोटद्वार कोतवाली में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके खाते से किसी ने ₹35000 निकाल लिए हैं। पुलिस ने तुरंत इस मामले का संज्ञान लेते हुए टीम गठित की. मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। जिसमें तीन संदिग्ध लोगों को देखा गया।पुलिस ने तुरंत ही इन तीनों की तलाश शुरू की. इनमें से दो को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया था। मगर तीसरा आरोपी सतीश जो इंदिरा कॉलोनी रोहतक हरियाणा का रहने वाला था, तब से फरार चल रहा था। पुलिस ने कई बार दबिश दी मगर सफलता हाथ नहीं लगी। अब मुखबिर की सूचना पर हरियाणा एसटीएफ की मदद से इस ठग को गिरफ्तार किया गया है।