October 23, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

सड़क हादसे में लक्सर एसडीएम गंभीर रूप से घायल, चालक की मौत

-सीएम ने दिए मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश

रुड़की/देहरादून। लक्सर एसडीएम संगीता कनौजिया के वाहन को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एसडीएम संगीता कनौजिया के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एसडीएम गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। एसडीएम को रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि एसडीएम रुड़की से लक्सर जा रही थीं। इसी दौरान लंढौरा स्थित सोलानी पुल के पास ये हादसा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एसडीएम लक्सर के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश दिये हैं।
बताया जा रहा है कि हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। रुड़की क्षेत्र के लंढौरा के पास सोलानी पुल पर एसडीएम लक्सर संगीता कनौजिया की गाड़ी की एक ट्रक के साथ जबरदस्त टक्कर हो गई। जिसमें एसडीएम लक्सर के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एसडीएम संगीता कनौजिया खुद गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे की  जानकारी मिलते ही प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए हैं। जानकारी के मुताबिक मंगलवार करीब 12 बजे एसडीएम लक्सर संगीता कनौजिया सरकारी गाड़ी से रुड़की की ओर से लक्सर जा रही थीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्सर-रूङकी मार्ग पर एसडीएम लक्सर के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी हरिद्वार से घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में वाहन चालक की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने एसडीएम लक्सर संगीता कनौजिया के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।