November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

सोनिया गांधी की सीख को अपने जीवन आचरण में उतारेंगे हरीश रावत

देहरादून। राजस्थान के उदयपुर में एआईसीसी ने नवसंकल्प चिंतन शिविर का आयोजन किया, जिसमें उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने भी हिस्सा लिया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नवसंकल्प चिंतन शिविर को लेकर एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि उदयपुर में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल को छू लेने वाली अहम बात कही है।
हरीश रावत ने कहा कि आप में से बहुत सारे लोगों को कांग्रेस पार्टी ने बहुत कुछ दिया है। अब समय है कि आप पार्टी के लिए कुछ करें. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हममें से हर व्यक्ति को कुछ कामों को अपने हाथ में लेना चाहिए। साधन खर्च करने वाले कामों को भी लेना चाहिए और कुछ ऐसे कामों को भी लेना चाहिए, जिसमें साधन कम खर्च हो रहे हों लेकिन कांग्रेस बन रही हो। उन्होंने कहा कि वह दो काम अपने हाथ में लेना चाहते हैं। पहला, हर हफ्ते एक ऐसे कांग्रेस परिवार में जाऊंगा, जो परंपरागत रूप से कांग्रेस परिवार है। मगर इस समय कांग्रेस की गतिविधियों से जुड़ा हुआ नहीं है। दूसरा, दो ऐसे परिवारों में जाऊंगा जो परिवार गरीब हैं और उनमें से एक परिवार अगर दलित है तो और अधिक अच्छा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उन परिवारों तक पहुंचकर उनके साथ अपने को जोड़ेंगे। वह कैसे उन परिवारों की मदद कर सकते हैं, इससे अपने आप को जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह काम बहुत कम है जो वह पार्टी के लिए करेंगे।