November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

योगी आदित्यनाथ 28 मई को सीएम धामी के पक्ष में करेंगे जनसभा

चंपावत। चंपावत विधानसभा सीट के उपचुनाव में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 मई को टनकपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चंपावत विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारकों ने चंपावत में डेरा डाल दिया है। 28 मई को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पक्ष में टनकपुर में एक जनसभा को संबोधित कर वोट मांगेंगे। चंपावत के बीजेपी जिला अध्यक्ष शिवचंद्र पाठक ने बताया कि योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम आ चुका है। कार्यक्रम के अनुसार योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर 28 मई को सुबह 11.00 बजे स्टेडियम में उतरेगा। उसके बाद शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए योगी का काफिला गांधी मैदान पहुंचेंगा। गांधी मैदान में योगी आदित्यनाथ एक जनसभा को संबोधित करेंगे। योगी आदित्यनाथ के कुल 3 घंटे के चंपावत विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम हैं। बीजेपी को उम्मीद है कि योगी के चुनाव प्रचार से सीएम धामी को चुनाव में मजबूती मिलेगी।