October 30, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

दून में बॉबी कटारिया के खिलाफ केस दर्ज

-सरेआम दून की सड़क पर शराब पीते हुए दिखाई दिए

देहरादून। उत्तराखंड में सड़कों पर सरेआम शराब पीकर सोशल मीडिया पर पुलिस को ललकारने के मामले में यूट्यूबर बॉबी कटारिया के खिलाफ कैंट कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इतना ही नहीं उत्तराखंड पुलिस ने बॉबी कटारिया के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 41 ए का नोटिस जारी किया है। साथ ही जल्द से जल्द पुलिस के सामने पेश होने की हिदायत दी है।
गौर हो कि बीती रोज सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर बॉबी कटारिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हुआ। जिसमें बॉबी कटारिया देहरादून-मसूरी रोड पर कुर्सी व टेबल लगाकर सरेआम शराब पीता नजर आ रहा है। साथ ही बुलेट से खतरनाक स्टंट भी कर रहा है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन बॉबी कटारिया ने उल्टा ही उत्तराखंड पुलिस को ललकार दिया। जिस पर अब पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बॉबी कटारिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं, उत्तराखंड पुलिस ने बॉबी कटारिया के खिलाफ देहरादून के थाना कैंट में बॉबी कटारिया के खिलाफ आईपीसी की धारा 290/510/336/342 और 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले में डीजीपी अशोक कुमार का कहना है कि देवभूमि में इस तरह की अमर्यादित हरकत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बॉबी कटारिया ने अमर्यादित हरकत कर पुलिस को भी ललकारा है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। सोशल मीडिया में बॉबी कटारिया का एक और वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें बॉबी कटारिया फ्लाइट में सिगरेट पीता नजर
आ रहा है। जिसे लोग यात्रियों की जान से खिलवाड़ बता रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर हवाई जहाज में सिक्योरिटी के बावजूद कैसे लाइटर और सिगरेट पहुंच गया? वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जांच के आदेश दिए हैं।