June 18, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

ट्रंप ने उत्तर कोरिया को आतंकवाद का प्रायोजक किया घोषित

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सोमवार को उत्तर कोरिया को आतंकवाद का प्रायोजक घोषित किया। ट्रंप ने वाइट हाउस कैबिनेट बैठक की शुरुआत में ही उत्तर कोरियाको आतंकवाद का प्रायोजक घोषित किया। इसके साथ ही प्योंगयांग द्वारा हथियारों के निर्माण जारी रखने को लेकर उसपर नए प्रतिबंध और आर्थिक दंड लगाने की भी घोषणा की गई है। ट्रंप ने कहा कि विभाग मंगलवार को उत्तर कोरिया पर लगने वाले अतिरिक्त प्रतिबंधों की घोषणा करेगा।

बता दें कि ट्रंप ने अपने 12 दिवसीय 5 एशियाई देशों के दौरे से लौटते ही उत्तर कोरिया के खिलाफ यह सख्त कदम उठाया है। इस दौरे पर ट्रंप ने दुनिया के अन्य देशों के नेताओं के साथ उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार कार्यक्रम को लेकर चर्चा की थी। ट्रंप ने उत्तर कोरिया को आतंक का स्पॉन्सर घोषित करते हुए कहा, ‘ यह सालों पहले हो जाना चाहिए था।’

उत्तर कोरिया संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंधों के बावजूद लगातार परमाणु हथियार विकसित कर रहा है। इतना ही नहीं वह चुपचाप ऐसी मिसाइल भी बना रहा है जो सीधे अमेरिकातक मार करने में सक्षम हो। प्योंगयांग ने तमाम प्रतिबंधों को दरकिनार करते हुए जापान के ऊपर से भी दो मिसाइल लॉन्च की हैं। दक्षिण कोरियाई खुफिया एजेंसी ने सोमवार को बताया कि उत्तर कोरिया इस साल और मिसाइल टेस्ट कर सकता है ताकि वह अमेरिका को अपनी ताकत दिखा सके। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका द्वारा उत्तर कोरिया को आतंकवाद का स्पॉन्सर घोषित करना महज प्रतीकात्मक है क्योंकि अमेरिका पहले ही उसपर कड़े प्रतिबंध लगा चुका है।