देहरादून। परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं नवाचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा आर्यिकारत्न 105 श्री पूर्णमति माताजी ससंघ के पावन मंगल सान्निध्य में गांधी रोड स्थित श्री जैन भवन में भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल श्रीजी के अभिषेक, शांतिधारा और भक्तिभाव से परिपूर्ण 1008 श्री मज्जिनेंद्र सिद्धचक्र महामंडल विधान के साथ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। इस अवसर पर आर्यिका श्री पूर्णमति माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों में धर्म, भक्ति, आत्मकल्याण और जिनवाणी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने सिद्धचक्र महामंडल विधान की महिमा बताते हुए कहा कि जैन धर्म में इसका विशेष आध्यात्मिक महत्व है। पंचपरमेष्ठी की आराधना, सिद्ध भगवान के अनंत गुणों का स्मरण और मंत्र साधना के माध्यम से आत्मशुद्धि एवं कर्मनिर्जरा का मार्ग प्रशस्त होता है। यह विधान जीवन में संयम, तप, त्याग और धर्म के संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा देता है। इसकी परंपरा रानी मैनासुंदरी और राजा श्रीपाल की प्रसिद्ध धार्मिक कथा से भी जुड़ी हुई है।
धार्मिक कार्यक्रमों की कड़ी में प्रातः 10 बजे भद्रबाहु गुफा में आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के पावन चरणों की स्थापना की गई। इसके साथ ही श्री विद्या समय पूर्ण भवन का भव्य शिलान्यास भी संपन्न हुआ। यह अवसर समस्त जैन समाज के लिए श्रद्धा, गौरव और आध्यात्मिक भावनाओं से जुड़ा ऐतिहासिक पल बना। आचार्य श्री के चरणों की स्थापना से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। वहीं प्रस्तावित भवन का निर्माण धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में सकल दिगंबर जैन समाज, श्री विद्या समय पूर्ण वर्षायोग समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, विभिन्न जैन संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन में सहभागिता कर पुण्यलाभ अर्जित किया।
सिद्धचक्र महामंडल विधान से गूंजा जैन भवन

More Stories
12 नवंबर से शुरू होगी शीतकालीन चारधाम यात्रा
दून में 14 लाख की डकैती में गुप्तकाशी से दो और आरोपी गिरफ्तार
केदारनाथ यात्रा के समापन पर पुलिस ने लगाया भंडारा