November 11, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

केदारनाथ यात्रा के समापन पर पुलिस ने लगाया भंडारा

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की केदारनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया है। यात्रा के समापन अवसर पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने सेवा और समर्पण की भावना का परिचय देते हुए केदारनाथ धाम स्थित बेस कैंप में भंडारे का आयोजन किया।
बाबा केदार की चल-विग्रह उत्सव डोली के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए पैदल मार्ग से लौट रहे श्रद्धालुओं एवं अन्य यात्रियों के लिए पुलिस की ओर से भोजन एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई। इस दौरान डोली के साथ वापस लौट रहे श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। पुलिसकर्मियों ने भी श्रद्धालुओं की सेवा करते हुए उन्हें आत्मीयता के साथ भोजन परोसा।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सुगम दर्शन और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। दुर्गम हिमालयी परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण यात्रा मार्ग पर पुलिस जवानों ने मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के साथ ही सेवा भाव से श्रद्धालुओं की सहायता भी की।
यात्रा के समापन पर आयोजित इस भंडारे के माध्यम से रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पुलिस का दायित्व केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा, सहयोग और उनकी यात्रा को सुखद बनाने में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिस की इस पहल की श्रद्धालुओं ने सराहना की।