October 28, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

सरकार ने पीआरडी जवानों को दी बड़ी सौगात, पीआरडी में 30 प्रतिशत महिलाएं होंगी

देहरादून। सरकार ने पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात दी है। अब पीआरडी में 30 प्रतिशत महिलाएं होंगी। प्रांतीय रक्षक दल के प्रांतीय मुख्यालय में पहली बार मनाए गए स्थापना दिवस कार्यक्रम में विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार मृतक आश्रितों को नौकरी और आर्थिक सहायता देेगी, जबकि कॉरपस फंड को 50 लाख से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया जाएगा।
आयु 50 साल से बढ़ाकर 60 साल करने के साथ ही कोविडकाल में ड्यूटी करने वालों को छह हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, महिला पीआरडी जवानों को मातृत्व अवकाश दिया जाएगा। प्रांतीय रक्षक दल के प्रांतीय मुख्यालय में विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। कहा कि अगले स्थापना दिवस तक मृतक आश्रितों के लिए नौकरी की व्यवस्था कर दी जाएगी।
कहा कि पीआरडी जवानों को तीन सौ दिन का रोजगार मिलेगा। कैबिनेट में भी यह प्रस्ताव आ चुका है। 9,300 जवानों को आने वाले दिनों में यह रोजगार मिलेगा। विभागीय मंत्री ने कहा कि पीआरडी स्वयं सेवकों की अधिवर्षता आयु पर सहमति बन चुकी है। जल्द इस पर उचित निर्णय ले लिया जाएगा। महिला पीआरडी जवानों की संख्या 9,300 में से मात्र 600 है, जो बहुत कम है। सरकार ने महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया है। आने वाले समय में पीआरडी में कम से कम 30 प्रतिशत महिलाएं होंगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पीआरडी का लोगो और झंडा जारी किया। कहा कि पीआरडी की स्थापना के 74 साल हो चुके हैं, लेकिन राज्य गठन के बाद पहली बार उसका स्थापना दिवस मनाया गया। इससे पहले मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, निदेशक जितेंद्र सोनकर, अपर निदेशक आरसी डिमरी, संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल, उप निदेशक शक्ति सिंह, एसके जयराज, सहायक समादेष्टा नीरज गुप्ता आदि उपस्थित रहे।