देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने भारतीय जनता पार्टी पर सत्ता के बल पर दल बदल करवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सीबीआई और ईडी का हौवा दिखा कर विपक्षी दल के लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करवाने के साथ ही पैसे और सत्ता का भी लालच दे रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी के माध्यम से जारी बयान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जिस प्रकार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बेशर्मी से सत्ता और विधानसभा में भेजने का लालच देकर विपक्षी दल के लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करवाने का ऐलान कर रहे हैं उससे स्पष्ट है कि जनता में भाजपा की क्या छवि है।
करन माहरा ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा खरीद फरोख्त और लालच देने वाला रहा है। दल बदल और खरीद फरोख्त भाजपा की असली राजनीति है उसे जनता के विकास से दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि 2016 में जब भारतीय जनता पार्टी उत्तराखण्ड की लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित कांग्रेस की राज्य सरकार को बाहुबल एवं धनबल से गिराने में असफल रही तो राष्ट्रपति शासन का सहारा लेकर राज्य सरकार को अपदस्त किया गया तथा सीबीआई के बल पर झूठा आरोप लगाते हुए कांग्रेस के विधायकों की खरीद-फरोख्त कर अपदस्त करने का जिस प्रकार का षड़यंत्र रचा गया वह सबके सामने है। इसी प्रकार मध्य प्रदेश में पिछली कांग्रेस सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री कमल नाथ के नेतृत्व वाली सरकार तथा गोवा में विधायकों की खरीद फरोख्त जनता भूली नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भारतीय जनता पार्टी पर षडयंत्रकारी पार्टी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि षड़यंत्र करना भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व की नियति बन चुकी है तथा जिस प्रकार सीबीआई और ईडी की कार्रवाई से बचने के लिए वे विपक्षी दल के नेताओं को भाजपा रूपी गंगा में नहाने का आमंत्रण दे रही है वह आने वाले समय में भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा कि अपनी उपलब्धियों का झूठा ढोल पीटने वाले भारतीय जनता पार्टी सरकार के मुखिया नरेन्द्र मोदी, उनके मंत्री तथा प्रदेश सरकारों के मुख्यमंत्री व प्रदेश मुखिया अपनी सरकारों की उपलब्धियों पर और अपनी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं पर नहीं बल्कि विपक्षी दल से टूट कर आने वाले लोगों के बल पर 2024 में चार सौ पार का झूठा नारा देकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकारों ने विकास के काम किये होते तो वे आज विपक्षी दल के उन लोगों जिन पर विपक्ष में रहते भ्रष्टाचार के आरोप भाजपा द्वारा ही लगाये गये हैं उनके सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की बात खुले मंचों से नहीं करती।
कांग्रेस अध्यक्ष माहरा ने भाजपा पर सत्ता के बल पर दल बदल करवाने का आरोप लगाया

More Stories
मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस को मुंबई तक विस्तारित किए जाने का रेल मंत्री ने दिया आश्वासन
राज्यपाल ने राजकीय विश्वविद्यालयों की समीक्षा बैठक ली
मंत्री जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लिया