April 20, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

गोमांस की तस्करी मामले में सहारनपुर से आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। थाना क्लेमेंटाउन पुलिस ने अंतरराज्यीय और दस हजार रुपए के इनामी गैंगस्टर समीम को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने साथियों के साथ लंबे समय से गोकशी और गोमांस की तस्करी शमिल में था। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग अपराधों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी और उसके साथियों के लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहने पर क्लेमेंटाउन पुलिस ने केस दर्ज किया था। राज्य में फरार और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानों पर टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके तहत फरार चल रहे आरोपी समीम की गिरफ्तारी के लिए दस हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार उसके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और मुखबिर द्वारा भी आरोपी के संबंध में जानकारी इकट्ठी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से आरोपी के गंदेवाड़ा, जिला सहारनपुर में अपने ससुर के घर छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद टीम ने सहारनपुर पहुंचकर आरोपी समीम को गिरफ्तार कर लिया।