October 28, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

जिला पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने पुष्पा नेगी को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों की सूची जारी करने के बाद कांग्रेस ने भी नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष सीट से अपने उम्मीदवार को घोषित किया है। कांग्रेस ने रामगढ़ जिला पंचायत सीट से चुनाव जीतीं पुष्पा नेगी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। जबकि उपाध्यक्ष पद पर देवकी बिष्ट को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
हल्द्वानी के एक निजी होटल में कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने उम्मीदवार को फूल मालाओं के साथ स्वागत कर चुनाव जीतने का दावा किया है। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत में कांग्रेस और कांग्रेस के समर्थक प्रत्याशी बड़ी संख्या में जीत कर आए हैं। जिला पंचायत और ब्लॉक अध्यक्ष के पद पर निश्चित ही कांग्रेस के प्रत्याशी जीतने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और हाल ही में हुए पंचायत चुनाव इसके प्रमाण हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा हर तरह के हथकंडे अपना रही है। नैनीताल जिला पंचायत सीट से कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी पुष्पा नेगी जीत की ओर अग्रसर हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी पुष्पा नेगी ने दावा किया है कि वह जिला पंचायत सीट जीतने जा रही हैं। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में सदस्य सामने आए हैं और चुनाव में सदस्य उनके नाम पर वोट करेंगे।