May 2, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

प्रदेश में बारिश व बर्फबारी का अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में बीते दिन से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं प्रदेशभर में कई जगह बारिश और बर्फबारी से ठंड लौट आई है। वहीं मौसम विभाग ने आज फिर कई जिलों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों के अनेक स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश गरज व आकाशीय बिजली चमकने के साथ हो सकती है। जबकि 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। राज्य के मैदानी जनपदों के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश गरज व चमक के साथ होने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जनपद में कहीं-कहीं गरज व चमक के साथ बारिश होने का अंदेशा जताया है। ओलावृष्टि व झक्कड़ (50-60 किमी प्रति घंटे तक) चलने की संभावना जताई है। जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा,बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में भी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। यहां झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना है। जबकि प्रदेश के पर्वतीय जनपदों के कई क्षेत्रों में तेज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है। बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आज आसमान में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है। झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चलने का अनुमान जताया गया है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 डिग्री सेल्सियस तथा 14 डिग्री सेल्सियस के लगभग रहने की संभावना है।
गंगोत्री, यमुनोत्री धाम, हर्षिल समेत तमाम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार देर शाम को जमकर बर्फबारी हुई। बारिश और बर्फबारी से फसलों के लिए अच्छी मानी जा रही है। बारिश और बर्फबारी से वनाग्नि की घटनाओं कम दिखने की उम्मीद है। बीते दिन मसूरी में बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिली।