April 21, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

मसूरी रोड पर निर्माणाधीन पुल का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल की मरम्मत और निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पुल निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों का आवागमन होता है। उन्होंने बताया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जो शीघ्र ही पूर्ण होकर संचालन में आ जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है और इसे आगामी 2 से 3 माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण से जुड़ी कई परियोजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं, जिससे दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
चारधाम यात्रा और आदि कैलास यात्रा की तैयारियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और कार्यों की प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।