April 30, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

बाबा विश्वनाथ जगदीशिला की डोली ने किया गंगा स्नान

हरिद्वार। भगवान विश्वनाथ-मां जगदीशिला की 27 वीं डोली यात्रा हरिद्वार पहुंची। यात्रा में शामिल लोगों ने हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर गंगा पूजन किया और डोली को गंगा स्नान कराया गया। गंगा स्नान कर कर डोली यात्रा रवाना हो गई। हर वर्ष देव डोली यात्रा की अगुवाई पूर्व कैबिनेट मंत्री, मंत्री प्रसाद नैथानी करते हैं। पारंपरिक ढोल नगाड़ों की थाप पर सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ पहुंची डोली यात्रा का हरकी पैडी पर जोरदार स्वागत किया गया और पूरे विधिविधान के साथ डोली को मां गंगा में स्नान कराया गया।
हरिद्वार से शुरू होकर टिहरी गढ़वाल के विशॉन पर्वत तक जाने वाली भगवान विश्वनाथ मां जगदीश शिला डोली यात्रा हरिद्वार में हर की पौड़ी में मां गंगा में स्नान करने के बाद यहां से रवाना होकर उत्तराखंड के चारधाम समेत कई प्रमुख तीर्थ स्थलों का दर्शन कर टिहरी गढ़वाल स्थित विशॉन पर्वत पहुंचेगी। इस यात्रा को करने का मुख्य उद्देश्य विश्व में शांति की स्थापना, संस्कृति की रक्षा, पलायन रोकना और लोक परंपराओं को जीवित रखना है। लेकिन इस बार हिमालय पर्वत की आरती की शुरुआत करने भी यात्रा का उद्देश्य रखा गया है।
इस दौरान पूर्व में कैबिनेट मंत्री रहे मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि उत्तराखंड में अन्य देवी देवताओं की तरह हिमालय पर्वत की भी आरती होनी चाहिए। उन्होंने हिमालय की आरती भी तैयार की है और जल्द ही इस संकल्प को पूरा भी करेंगे। सरकारों को भी इस पर ध्यान देना होगा। बुधवार को बाबा विश्वनाथ मां जगदीशशिला 27 वीं डोली यात्रा हरिद्वार पहुंची। यह यात्रा टिहरी गढ़वाल के विशौन पर्वत स्थित बाबा विश्वनाथ एवं मां जगदीशिला मंदिर से हर वर्ष उत्तराखंड के समस्त धार्मिक स्थलों की यात्रा करती है। कैबिनेट मंत्री रहे मंत्री प्रसाद नैथानी के नेतृत्व में एवं शिक्षाविद कैलाशपति मैठानी के संयोजन में हरकी पैड़ी पर भारत माता मंदिर के श्रीमहंत एवं निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि महाराज के सानिध्य में गंगा पूजन, डोली स्नान के पश्चात डोली यात्रा उत्तराखंड भ्रमण के लिए रवाना हुई।
चारधाम समेत समस्त कई मंदिरों के दर्शन करने के पश्चात गंगा दशहरे पर डोली यात्रा का समापन, विशौन पर्वत ग्यारह गांव हिंदाव टिहरी गढ़वाल में बाबा विश्वनाथ धाम में होगा। इस अवसर पर स्वामी ललिता नंद गिरि महाराज ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है जहां पर देवी देवताओं का वास है गंगोत्री, यमुनोत्री,केदारनाथ, बद्रीनाथ के अतिरिक्त संपूर्ण उत्तराखंड में देवी देवताओं का वास है बाबा विश्वनाथ मां जगदीशशिला तीर्थ भगवान शिव और शक्ति की आराधना पूजा का केंद्र है। जहां से प्रतिवर्ष यह डोली यात्रा पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे मंत्री प्रसाद नैथानी की अगुवाई में हरिद्वार आती है जो एक परंपरा बन चुकी है।
इस बार 27वीं डोली यात्रा का हरिद्वार में आगमन हुआ है। यह सनातन हिंदू धर्म के प्रचार प्रसार का माध्यम बन गई है। यात्रा के संस्थापक मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि उत्तराखंड की आस्था और संस्कृति की पहचान है बाबा विश्वनाथ मां जगदीशशिला डोली यात्रा जो संपूर्ण उत्तराखंड को धार्मिक एकता के सूत्र में पिरोती है। उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं में सनातन हिंदू धर्म का प्रचार प्रसार करती है तथा उपेक्षित पड़े तीर्थ स्थलों का विकास करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि हिमालय पर्वत सुरक्षित रहेगी तो पर्यावरण और पूरा विश्व भी सुरक्षित रहेगा। इसलिए हिमालय की रक्षा के लिए हिमालय आरती होना परम आवश्यक है।