June 23, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

गौलापार ट्रेंचिंग ग्राउंड की गंदगी और प्रदूषण से लोगों को मिलेगी निजात

हल्द्वानी। हल्द्वानी को वर्षों पुरानी कूड़े की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। गौलापार ट्रेंचिंग ग्राउंड में जमा करीब 1.75 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे के निस्तारण के लिए नगर निगम ने 9 करोड़ रुपये की योजना शुरू की है। नए लेगेसी प्लांट और आधुनिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था के जरिए कूड़े के पहाड़ों को हटाने की तैयारी तेज हो गई है।
कुमाऊं के सबसे बड़े नगर निगम हल्द्वानी में कूड़े के पहाड़ जल्द इतिहास बनने जा रहे हैं। गौलापार स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा करीब 1 लाख 75 हजार मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए नगर निगम ने बड़ी कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से नया लेगेसी प्लांट स्थापित किया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कंपनी का चयन भी कर लिया गया है। गौरतलब है कि जनवरी माह में पुराना अनुबंध समाप्त होने के बाद प्लांट का संचालन बंद हो गया था, जिससे ट्रंचिंग ग्राउंड में दोबारा कचरे का ढेर लगने लगा और आसपास के लोगों को दुर्गंध तथा प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि साल 2018 से पहले जमा हुए कूड़े को हटाने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाई गई है, जिस पर जल्द कार्य शुरू होगा। इसके साथ ही गीले कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए नगर निगम ने कानपुर की एक फर्टिलाइजर कंपनी के साथ एमओयू किया है। इस योजना के तहत गीले कचरे से कंपोस्ट खाद तैयार की जाएगी। नगर निगम का दावा है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद न केवल हल्द्वानी बल्कि आसपास के निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों को भी कूड़े और दुर्गंध की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।