देहरादून,। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय से सचिवालय स्थित निर्वाचन कार्यालय तक मार्च निकाला और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त और दोनों निर्वाचन आयुक्तों को पद से हटाने सहित कई मांगें रखीं। कांग्रेस की ओर से देशभर में शुक्रवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किए गए।
प्रदर्शन में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा सहित कई विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की निर्णय प्रक्रिया, मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण और एसआईआर को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी का दावा है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने तथा आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं हो रही है। कांग्रेस ने आयोग के भीतर कथित मतभेदों का मुद्दा भी उठाया। हाल में प्रकाशित रिपोर्टों में दो निर्वाचन आयुक्तों द्वारा आयोग के कुछ निर्णयों पर आपत्ति जताए जाने की बात सामने आने के बाद यह विवाद बढ़ा है।
कांग्रेस ने उत्तराखंड में एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में फार्म-7 दाखिल किए जाने पर भी सवाल उठाए। पार्टी का आरोप है कि कुछ व्यक्तियों ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आपत्तियां दी हैं। कांग्रेस ने मांग की कि सभी फार्म-7 का विधानसभा और बूथवार विवरण सार्वजनिक किया जाए तथा असामान्य संख्या में आपत्तियां दाखिल करने वालों की जांच कराई जाए।
पार्टी ने कहा कि किसी मतदाता का नाम केवल आपत्ति या फार्म-7 के आधार पर नहीं हटाया जाना चाहिए। इससे पहले बूथ स्तरीय अधिकारी या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा भौतिक सत्यापन और संबंधित मतदाता को सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाना चाहिए।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे, मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता, निर्वाचन संबंधी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित आंकड़े सार्वजनिक करने तथा कथित पक्षपात या मनमानी की शिकायतों की स्वतंत्र जांच की मांग की। पार्टी ने निर्वाचन आयोग में संस्थागत जवाबदेही बढ़ाने के उपाय करने का आग्रह भी किया।
निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार वर्तमान में ज्ञानेश कुमार मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी निर्वाचन आयुक्त हैं। कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता लोकतंत्र में जनता के विश्वास से सीधे जुड़ी है, इसलिए राष्ट्रपति को उसकी मांगों पर हस्तक्षेप करना चाहिए।

More Stories
पुलिस कप्तान ने किए 22 पुलिस अफसरों के तबादले
अनियंत्रित होकर गर्ल्स हॉस्टल में घुसा ईंटों से भरा ट्रक
मंत्री से सवाल करने जा रहे कांग्रेस के कई नेता हिरासत में