November 20, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

गहनता से मतदाता सूची का करें सत्यापनः मुख्य निर्वाचन अधिकारी

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर 20 से 27 नवंबर तक चलने वाले घर-घर सत्यापन अभियान के सम्बंध में समीक्षा की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूरे प्रदेश में एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहनता से जांच करेंगे और उसमें पाई जाने वाली त्रुटियों को चिन्हित कर संबंधित मतदाताओं के माध्यम से आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधान सभा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक कराने अथवा अपात्र प्रविष्टि को हटाने के लिए 12 नवम्बर से 11 दिसंबर तक निर्धारित प्रारूपों में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके लिए नाम सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6 नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में एक ही मतदाता का नाम एक ही बूथ पर अथवा एक से अधिक मतदान केंद्रों में दर्ज होने की स्थिति में ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिन्हित किया जाएगा। नियमानुसार फार्म-7 के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया अपनाते हुए अतिरिक्त प्रविष्टियों को हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 एवं 18 के प्रावधानों के अनुसार कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में अथवा किसी निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत होने का पात्र नहीं है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सभी अर्ह सदस्यों का नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरण भली-भांति जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या अशुद्धि पाई जाती है तो निर्धारित अवधि के भीतर फार्म-8 भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा करें। इसी प्रकार यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह फार्म-6 के माध्यम से अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।