रुद्रपुर। आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने और धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और पंतनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), सात ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 सहित बड़ी संख्या में वाहन संबंधी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। एसटीएफ के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संगठित गिरोहों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए लगातार सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दो अलग-अलग निजी वाहनों में बैठकर कुछ लोग वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर लोगों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूल रहे हैं।
सूचना पर एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त टीम गठित कर मौके पर छापा मारा। दोनों वाहनों की तलाशी के दौरान एक वाहन में बैठे व्यक्ति की पहचान प्रवीण बाछाड़ निवासी चंदीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर के रूप में हुई, जबकि दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम कर रहे व्यक्ति की पहचान पंकज कांति सेन निवासी वार्ड संख्या तीन, ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई। एसटीएफ की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आरटीओ कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। इसके बाद सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर उनसे निर्धारित राशि से अधिक पैसे वसूलते थे।
आरोपी अपने निजी वाहनों में बैठकर लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से दस्तावेज तैयार कराने का काम संचालित कर रहे थे। पूछताछ में कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। एसटीएफ इस पहलू की विस्तृत जांच कर रही है।
75 आरसी और सात ड्राइविंग लाइसेंस बरामद
संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, सात ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 तथा उनसे संबंधित आरसी, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए। इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, लैपटॉप एडॉप्टर, इंटरनेट डिवाइस और घटना में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहन भी कब्जे में लिए गए। एसटीएफ अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विश्लेषण कर रही है। साथ ही इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका और अब तक की गई अवैध वसूली की जानकारी जुटाई जा रही है। एसटीएफ ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि आरटीओ अथवा किसी भी सरकारी कार्यालय से संबंधित कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से ही कराएं। सरकारी काम के नाम पर अनधिकृत व्यक्तियों को अतिरिक्त धनराशि न दें और अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को उपलब्ध कराने से बचें। यदि कोई व्यक्ति सरकारी कार्यालय के नाम पर अवैध वसूली अथवा धोखाधड़ी करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
आरटीओ कार्यालय के नाम पर अवैध वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

More Stories
नेत्र कुंभ-2027 में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की होगी निःशुल्क नेत्र जांच
चंद्रकुंवर बर्त्वाल की कविताओं में आज भी जीवित है पहाड़ और लोकसंस्कृति की आत्माः बंशीधर तिवारी
देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल का समापन, विशाल-रेखा की प्रस्तुति ने बांधा समां