April 24, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

केंद्र सरकार की नीतियों से समाज का हर वर्ग परेशान: धस्माना

देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पूरे भारत में परिवर्तन की लहर चल रही है। केंद्र सरकार की नीतियों से बेरोजगार, व्यापारी, किसान सहित सभी लोग परेशान हैं।

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि हाल ही में संपन्न छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व राजस्थान के विधानसभा चुनाव में करारी हार से बौखलाए मोदी व आरएसएस अब राहुल गांधी व सोनिया गांधी के विरुद्ध कोई भी षड्यंत्र रच सकते हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं को संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड में पौने दो साल में भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई। राज्य में कानून व्यवस्था से लेकर स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं, लेकिन सरकार उदासीन बनी हुई है। कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल, आशीष देसाई, गरिमा दसोनी ने भी संबोधित किया।