April 23, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

पाक में हिंदू लड़कियों के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन पर भारत का रुख सख्त, मांगी रिपोर्ट

नई दिल्ली। होली की पूर्व संध्या में पाकिस्तान के सिंध प्रांत में दो हिंदू लड़कियों का अपहरण किया गया। अपहरण के बाद दोनों नाबालिग हिंदु लड़कियों का मुस्लिम समुदाय द्वारा जबरन धर्म परिवर्तन भी किया गया। पाकिस्तान में इस घटना के बाद अल्पसंख्यक समुदाय (हिंदू) सड़क पर उतर आए, और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मामले को तूल पकड़ता देख विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान के भारतीय दूतावास से मामले की जानकारी मांगी है।

घटना की एक मीडिया रिपोर्ट को ट्वीट करते हुए सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त को मामले पर एक रिपोर्ट भेजने के लिए कहा है। बता दें कि भारत हमेशा ही पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों खासकर हिंदू समुदाय की दुर्दशा का मुद्दा उठाता रहा है। जिसको लेकर अब सुषमा स्वाराज ने पाकिस्तान में भारतीय दूतावास से इस मामले पर और जानकारी मांगी है।

गौरतलब है कि यह घटना होली की पूर्व संध्या पर सिंध प्रांत में घोटकी जिले के धारकी शहर में हुई थी। घटना के बाद इलाके में हिंदू समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पाकिस्तान हिंदू सेवा वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय धनजा ने पाक पीएम इमरान खान से मामले का संज्ञान लेने और दोषियों पर कार्यवाई करने की मांग की है।