October 29, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हारुणी मेले

उत्तरकाशी(UK Review)भटवाड़ी ब्लॉक के मनेरी गांव में हारुणी का मेला हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांव की आराध्य मां राजराजेश्वरी देवी के मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों ने देव डोलियों के साथ पारंपरिक नृत्य कर क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति की झलक पेश की। इस मौके पर ग्रामीणों ने देव डोलियों से अच्छी फसल की मन्नत मांगी।धान की रोपाई के करीब एक माह बाद खेत हरे-भरे हो जाने पर हर साल मनेरी गांव में हारुणी मेला का आयोजन किया जाता है। अच्छी फसल की कामना लिए ग्रामीण अपने आराध्य देवी-देवताओं की पूजा-उपासना करते हैं। मंगलवर रात को मनेरी के वासुकी नाग, भैरव, समेश्वर देवता तथा हीना के वासुकी नाग देवता की डोलियां और चिह्न भी मेले में शामिल हुए। ग्रामीणों ने देव डोलियों के साथ नृत्य कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। बुधवार को दिन भर ग्रामीणों ने मंदिर में लोकगीतों पर पारंपरिक रांसो एवं तांदी नृत्य प्रस्तुत कर क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। गांव से बाहर ब्याही गई बेटियां भी अपने मायके पहुंच कर हारुणी मेले में शामिल हुई। घरों में विशेष पकवान बनाए गए और मेहमानों की खूब आवभगत की गई। इस मौके पर पूर्व प्रधान संजीता रावत, जबर सिंह, प्रताप सिंह रावत, धर्म सिंह मनेरी, जय सिंह, प्रेम सिंह, प्रीतम सिंह, रमेश प्रसाद, जयकृष्ण, अभिषेक प्रसाद, प्यारे लाल, विजयपाल मखलोगा आदि मौजूद थे।