June 21, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

आपदा में बेघर हुए लोगों के लिए बनेंगे अस्थाई घर – सीएम

(UK Review)पुरोला/ मोरी। मुख्यमंत्री त्रिवेद्र सिंह रावत ने मंगलवार को उत्तराखंड के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त से सख्त निर्देश दिए हैं कि वह आपदा पीड़ितों को हर संभव जल्द से जल्द सहायता प्रदान करें। उन्होंने कहा कि राहत कार्य में किसी भी तरह की कोताही बदर्शत नहीं की जाएगी।मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को हिमांचल प्रदेश से सटे मोरी ब्लॉक के आराकोट क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में हुये नुकसान का हैलीकाप्टर से स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित लोंगों से मुलाकात की और सरकार की ओर से हरंसभव सहायता देने का भरोषा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता मलबे में दबे शवों को ढूंढ़ने तथा घायलों का इलाज करने की है। वहीं जो लोग बेघर हुए हैं उनको प्राथमिकता के आधार पर राहत देकर फिलहाल अस्थाई घर बनाकर दिये जायेंगे। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रूपये की सहायता देने की भी घोषणा की। इस दौरान सीएम ने गत शनिवार रात को आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए आराकोट, माकुडी, टिकोची , किराणु, चिवां, बलावट, दुचाणु,डगोली,बरनाली,गोकुल,मौंडा गांव का हैली से स्थलीय निरीक्षण किया और नुकसान जायजा लिया। वहीं आराकोट इंटर कालेज में बनाए गए बेस कैंम्प का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मौके पर सीएम रावत ने अधिकारियों की बैठक लेकर राहत एवं बचाव कार्यां में तेजी लाने के निर्देश दिये। सीएम रावत ने कहा कि सरकार ने आपदा प्रबंधन के तहत प्रत्येक जनपद को पहले ही एक-एक करोड़ रूपये की धनराशि आंवटित कर दी है। उन्होंने डीएम डा. आशीष चौहान को आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल, विद्युत, स्कूल भवनों के साथ ही अन्य सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों की शीघ्र आंकलन कर रिर्पाट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। कहा कि प्रत्येक मृत परिवार के परिजनों को 4 लाख की धनराशि दी जाएगी। घायलों का ईलाज निःशुल्क सरकार के द्वारा किया जा रहा हैं। बेघर हुए लोगों के लिए ग्राम समाज की भूमि का चयन करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री रावत ने प्रभावित ग्रामीणों के काश्तकारों की सेब,भूमि व भवनों के क्षति के आंकलन की रिर्पोट तैयार करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। ताकि शीघ्र प्रभावित लोगों को मुआवजा राशि वितरण कराई जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की पशुहानि का मुआवजा भी आपदा मानकों के अनुरूप शीघ्र प्रभावित लोगों को दिया जाएगा। वहीं इस मौके पर जिलाधिकारी डा.आशीष चौहान ने कहा कि रेस्क्यू अभियान तीसरे दिन भी जारी है प्रभावित गांवों के लिए जरूरी सामान पंहुचाया गया है। आज प्रात से ही ग्रामीणों को खाद्यान, पानी, जरूरी दवाएं आदि भिजवाया गया। सभी गावों में राहत एवं बचाव दल मौजूद है।