October 28, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

छात्रों को बताए सड़क सुरक्षा के उपाय

विकासनगर, UKR। हैरिटेज स्कूल भाऊवाला में बुधवार को सहसपुर थाना पुलिस की ओर से कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के उपाय बताए गए। ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा थीम के साथ पुलिस ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों को दोपहिया वाहन देने में सावधानी बरतने की अपील की। उपनिरीक्षक रविंद्र नेगी ने बताया कि नशे का सेवन करने के बाद वाहन को नहीं चलाना चाहिए। इसके साथ ही दुपहिया वाहन चलाते हुए हेलमेट का प्रयोग जरूर किया जाना चाहिए। कहा कि मुख्य मार्गों के साथ ही संपर्क मार्गों पर भी वाहन की गति नियंत्रित रखी जानी जरूरी है। उपनिरीक्षक पंकज कुमार ने छात्रों को बताया कि सावधानी में ही सुरक्षा है। इसलिए जब भी वाहन लेकर निकले, यातायात नियमों की अनदेखी न करें। जो लोग अनदेखी करते हैं वह न केवल खुद, बल्कि दूसरों के लिए भी हादसे का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि सोलह वर्ष की उम्र से पहले लाइसेंस नहीं बन पाता है, लेकिन फिर भी बहुत सारे छात्र-छात्राएं स्कूल में स्कूटी या बाइक लेकर आते हैं। जो कि सरासर गलत है। इसको लेकर अभिभावकों को भी सजग होना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने अभिभावकों व सहपाठियों को भी नियमों के बारे में बताने के लिए कहा। इस दौरान प्रधानाचार्य मीनाक्षी सोती, ओम प्रकाश, शुभम कुकरेती, ओमीषा फर्सवाण, शांतनु असवाल, अनुशा, अनन्या, आज्ञा, बासुदेव सिंह, अमन आदि मौजूद रहे।