November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

फुटकर फल एवं सब्जी विक्रेता समिति का प्रतिनिधिमंडल स्पीकर अग्रवाल से मिला

-कहा, अधिकांश सब्जी विक्रेता काम न होने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे
ऋषिकेश,। फुटकर फल एवं सब्जी विक्रेता समिति का एक प्रतिनिधिमंडल आज नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष दीप शर्मा एवं समिति के अध्यक्ष राजू गुप्ता के नेतृत्व में बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया है कि प्रशासन ने कोविड-19 के प्रकोप से बचाव हेतु जीवनी माई मार्ग से फुटकर फल व सब्जी मंडी को बंद कर दिया था तब से अधिकांश सब्जी विक्रेता काम न होने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
फुटकर फल एवं सब्जी विक्रेताओं की समस्या को सुनकर  विधानसभा अध्यक्ष ने जिलाधिकारी देहरादून आशीष श्रीवास्तव को दूरभाष पर निर्देशित करते हुए कहा है कि फुटकर फल एवं सब्जी विक्रेताओं के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हुआ है उनका रोजगार बाधित ना हो इसलिए इन्हें जीवनी माई मार्ग पर कोविड-19 निर्देशों का पालन करते हुए अपना रोजगार प्रारंभ करने की अनुमति दी जाए। श्री अग्रवाल ने कहा है कि यह फुटकर सब्जी एवं फल विक्रेता कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए अपना व्यवसाय प्रारंभ करेंगे। श्री अग्रवाल ने कहा है कि लॉकडाउन  के दौरान अनेक लोगों के रोजगार बाधित हुए हैं ऐसे में फल एवं सब्जी विक्रेता जो आवश्यक सेवाओं में आते हैं इन्हें निर्विवाद रूप से अपना रोजगार संचालित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राजू गुप्ता, बबलू गुप्ता, राकेश गुप्ता, हेमंत कुमार, गोविंद गुप्ता, कैलाश चंद, ऋषि गुप्ता, कश्यप गुप्ता आदि सहित अनेक लोग उपस्थित थे।