November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

अवैध खनन में लगे वाहनों को किया सीज

पुलिस कार्रवाई से खनन माफिया में मचा हड़कंप
विकासनगर। पुलिस अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाए हुए है। इसी कड़ी में पुलिस ने अवैध खनन व ओवरलोड के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने अवैध खनन व ओवरलोड में 9 डंपर व एक एलपी ट्रक को सीज किया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर द्वारा थाना क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की। अलग-अलग गठित टीमों ने कई जगह छापेमारी की। उपनिरीक्षक रवि प्रसाद थाना विकास नगर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा जलालिया विकासनगर से अवैध खनन कर रहे पांच डंपरों को मौके पर सीज किया गया। साथ ही कार्रवाई के दौरान ओवरलोड वाहनों का भी चालान किया गया। वहीं, उप निरीक्षक पंकज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा मटक माजरी कुल्हाल से खनन सामग्री से भरे एक डंफर व एक एलपी ट्रक को सीज किया गया।
उप निरीक्षक रतन सिंह बिष्ट हल्का प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा ढकरानी से एक डंपर का एमवी एक्ट में चालान किया गया। एचसीपी सर्वेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा जलालिया घाट से अवैध खनन से भरा एक डंपर सीज किया। एसएसआई कुलवंत सिंह ने बताया कि सभी वाहनों की अवैध खनन संबंधी रिपोर्ट अलग से प्रेषित की जा रही है। वहीं खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि छापेमारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।