November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

छठी से आठवीं तक के स्कूल 01 फरवरी से खोलने की तैयारी

उत्तराखंड में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू होने और कोरोना संक्रमण की दर कम होती देख सरकार ने पांचवीं से ऊपर की सभी कक्षाओं को खोलने की तैयारी शुरू कर दी। इसकी शुरुआत नवीं और ग्यारहवीं कक्षा से की जाएगी। जबकि छठी से आठवीं तक की कक्षाओं को एक फरवरी से खोलने की योजना है। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने शिक्षा निदेशक आरके कुंवर को स्कूल खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। स्कूल खोलने को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस पर अंतिम निर्णय कैबिनेट में लिया जाएगा।इससे पहले विभागीय प्रस्ताव लिया जा रहा है। अफसरों को कहा गया है कि प्रस्ताव में अभिभावकों की राय अवश्य शामिल करें। स्कूल खोलने का निर्णय पूर्व की तरह अभिभावकों की राय से ही होगा। बता दें कि विगत साल दो नवंबर से सात महीने के लॉकडाउन के बाद प्रदेश के स्कूल खुल गए हैं। प्रथम चरण में माध्यमिक स्कूलों में केवल कक्षा 10 और 12 वीं के छात्रों को आने की अनुमति होगी। केवल वे ही छात्र स्कूल आ सकते हैं, जिनके अभिभावक उन्हें मंजूरी देंगे। सर्दियों के समय के अनुसार सुबह 9.15 बजे सभी स्कूल खुल गए हैं।शिक्षा सचिव आर. मीनाक्षीसुंदरम ने शिक्षा निदेशक और सभी नोडल अफसरों को व्यवस्था पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कोरेाना संक्रमण की शुरूआत पर 14 मार्च से राज्य के सभी शैक्षिक संस्थानों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। 231 दिन बंद रहने के बाद सोमवार से स्कूल खोलने का पहला चरण शुरू होने जा रहा है। शिक्षा सचिव ने बताया कि स्कूल संचालन के लिए विस्तृत एसओपी जारी की जा चुकी है। हर स्कूल का प्रधानाचार्य नोडल अधिकारी बनाया गया है।