November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

रामनगर व लैंसडोन में हुयी नाराजगी को कैसे दूर करेगी कांग्रेस, पढ़िये पूरी खबर

कांग्रेस की दूसरी सूची जारी होने के साथ ही कई संस्पेंस भी क्लीयर हो गये हैं। पूर्व सीएम हरीश रावत रामनगर से चुनावी मैदान में होंगे। इसी क्रम में हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गुसाई को लैंसडोन से कांग्रेस प्रत्याशी घोषित किया गया है। हरक सिंह रावत के चुनाव लड़ने को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। हरक सिंह रावत चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस पर सस्पेंस बरकरार है। हरक सिंह रावत के चैबट्याखाल से चुनाव लड़ने संबंधी अटकलों व कयासों का दौर भी जारी है।
पूर्व सीएम हरीश रावत के रामनगर से प्रत्याशी घोषित करने के साथ ही रंजीत रावत को बड़ा झटका लगा है। रंजीत रावत रामनगर से कांग्रेस से टिकट के प्रबल दावेदार थे। रंजीत रामनगर से चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर रहे थे। टिकट कटने से रंजीत रावत खासे नाराज हैं। ऐसे में रूठे रंजीत रावत को मनाना कांग्रेस की अगली रणनीति होगी। माना जा रहा है कि पार्टी रंजीत रावत को सल्ट से चुनाव लड़ने को मनाए। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रंजीत रावत की नाराजगी बगावती तेवर भी अख्तियार कर सकती है और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी चुनावी ताल ठोक सकते हैं। बहरहाल, कांग्रेस की रणनीति अब रूठे रंजीत को मनाने की है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रंजीत रावत मानते हैं या कुछ और। इसी प्रकार से लैंसडोन सीट पर भी नाराजगी बतायी जा रही है। यहां करीब आधा दर्जन दावेदारों को झटका लगा है। यहां भी डैमेज कंट्रोल की सख्त जरूरत है। बहरहाल, जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है सियासत पूरे रंग व लय में आ रही है।