November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

बर्फबारी के बाद पर्यटकांे से गुलजार हुआ गुलाबी कांठा

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में इस साल जमकर बर्फबारी हुई है। फरवरी के आखिरी सप्ताह में हुई बर्फबारी ने पहाड़ों की रौनक लौटा दी है। ऐसे में उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनाघाटी बर्फबारी के बाद इनदिनों पर्यटकों से गुलजार है और प्रसिद्ध बुग्याली क्षेत्र गुलाबी कांठा में बड़ी संख्या में सैलानी बर्फबारी का मजा लेने पहुंच रहे हैं।
उत्तरकाशी में बर्फबारी के बाद देशभर के पर्यटक गुलाबी कांठा पहुंच रहे हैं और खूबसूरत वादियों का दीदार कर रहे हैं। कोरोना महामारी के बाद अब स्थिति सामान्य होने से देश के विभिन्न राज्यों और विदेशी दल भी रोमांच के सफर पर आगे बढ़ रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देख क्षेत्र के व्यवसायियों में भी रोजगार की आस जगने लगी है। उत्तरकाशी जिले की यमुनाघाटी क्षेत्र के नौगांव ब्लॉक के अंतर्गत हनुमान चट्टी से करीब 10 किलोमीटर आगे गुलाबी कांठा प्रसिद्ध बुग्याल क्षेत्र है। यहां इन दिनों बर्फबारी से पूरा गुलाबी कांठा लकदक है। बर्फ का आनंद लेने और स्कीइंग करने इन दिनों यहां अलग-अलग राज्यों से पर्यटकों के दल पहुंच रहे हैं। गुलाबी कांठा एडवेंचर की डायरेक्टर और स्कीइंग स्ट्रक्चर मीरा रावत का कहना है कि बर्फबारी के इस दौरान कोलकाता, महाराष्ट्र, चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से करीब 200 से अधिक पर्यटकों के 15 बैच ने गुलाबी कांठा का दीदार कर चुका है। पर्यटक यहां पहुंचकर बर्फबारी में स्कीइंग करने के साथ ही बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं। हालांकि, कोरोना महामारी के कारण बीते सालों पर्यटकों का आवागमन काफी कम रहा, लेकिन अब स्थिति कुछ सामान्य होने के बाद विभिन्न स्थानों से पर्यटक एवं रोमांच के शौकीन अपने-अपने दलों के साथ निरंतर यहां पहुंच रहे हैं।