November 6, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

सतपुली में चल रहा अवैध हॉट मिक्स प्लांट सीज

कोटद्वार। जिले के सतपुली तहसील क्षेत्र में पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिना अनुमति के संचालित हॉट मिक्स प्लांट को उप जिलाधिकारी ने सीज कर दिया है। आरजीबी कंपनी का हॉट मिक्स प्लांट केशरपुर के निकट संचालित किया जा रहा था। एसडीएम ने क्षेत्रवासियों की शिकायत पर औचक निरीक्षण के दौरान उसे सीज करने के आदेश जारी किये।
उपजिलाधिकारी सतपुली संदीप कुमार ने पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर केशरपुर के निकट संचालित हॉट मिक्स प्लांट का निरीक्षण किया। एसडीएम ने प्लांट के लीगल दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि वह बिना अनुमति के अवैध रूप से संचालित हो रहा है। यही नहीं प्लांट में अवैध रूप से 2,287 टन डस्ट एवं ग्रिट का भी भंडारण किया गया है, जो नियम विरुद्ध है।एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि सतपुली तहसील के अंतर्गत केशरपुर के निकट आरजेबी कंपनी का हॉट मिक्स प्लांट जिला प्रशासन की बगैर अनुमति के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसे सीज कर दिया गया। यह हॉट मिक्स प्लांट पिछले 2 माह से संचालित किया जा रहा था। क्षेत्रवासियों की शिकायत पर विभागीय टीम ने निरीक्षण किया था, उसके बाद ये कार्रवाई की गई।