नयी दिल्ली। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए सरकार ने पांच दिनों के लिए ऑड-इवन लागू करने का निर्णय लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 13 से 17 नवंबर तक यह योजना लागू की जायेगी। अरविंद केजरीवाल सरकार की ओर से इस फैसले के बारे में औपचारिक घोषणा जल्द ही किया जायेगा।
पिछले माह दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा था कि दिल्ली सरकार प्रदूषण का स्तर बढ़ने के मद्देनजर सड़कों पर कारों की संख्या को प्रतिबंधित करने के लिए सम-विषम योजना को फिर से लागू कर सकती है। मंत्री ने दिल्ली परिवहन निगम और अपने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा था कि जब कभी सम-विषम की घोषणा की जाती है, वे इसे लागू करने के लिए ‘‘पूरी तरह तैयार’’ रहें।
वाहनों की पंजीकरण संख्या के आखिरी अंक पर आधारित यह योजना वर्ष 2016 में दो बार- एक जनवरी से 15 जनवरी और फिर 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक लागू की गई थी। इस योजना के तहत सम और विषम संख्या वाले वाहन सम विषम तारीखों वाले दिनों में सड़कों पर चलते हैं। वायु प्रदूषण स्तर के 48 घंटे या इससे अधिक समय के लिए ‘आपात’ श्रेणी में रहने पर इसे लागू किया जाता है।

More Stories
राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त एक व्यक्ति गिरफ्तार, नेटवर्क से जुड़े अन्यों की तलाश जारी
जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड 13 गिरफ्तार
तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचला, मौत