April 24, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

विधानसभा सत्रः सदन के बाहर एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर प्रदर्शन

देहरादून। विधानसभा सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को सदन में बजट पर चर्चा के साथ कई विभागों के बजट पारित होने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही आज विनियोग विधेयक भी पारित किया जा सकता है और सत्र के अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने की संभावना भी जताई जा रही है।
सत्र शुरू होते ही सदन में विपक्ष ने अवैध खनन का मुद्दा उठाया, लेकिन सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वाक आउट किया। विपक्ष ने कहा पीठ से जब नियम 310 पर विनिश्चय दिया गया तो सरकार चर्चा करने से क्यों भाग रही है। प्रदेशभर में एलपीजी गैस के लिए लाइनें लग रही हैं। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालकों को एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। पक्ष व विपक्ष के बीच बहस होने से सदन की कार्यवाही 45 मिनट के स्थगित हुई। संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा, सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को एलपीजी की कालाबाजारी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि भराड़ीसैंण में बजट सत्र के पांचवें दिन आज फिर एलपीजी गैस को लेकर कांग्रेसियों का धरना जारी है। कांग्रेसी नेता सदन के अंदर और कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। रसोई गैस को लेकर कांग्रेसी विधानसभा की सीढ़ियों पर बैठ धरना दे रहे हैं। विधानसभा सत्र के चौथे दिन बृहस्पतिवार को भी सदन में एलपीजी आपूर्ति के मुद्दे पर हंगामा हुआ।