May 31, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

पूरे उत्तराखण्ड में हो रही बारिश से बढ़ी ठिठुरन, किसानों को भारी नुकसान

देहरादून। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान सटीक साबित हुआ। मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इस अलर्ट के अनुसार आज पूरे उत्तराखंड में बारिश हो रही है। रात से शुरू हुई बारिश कई जिलों में जारी है। मौसम विभाग ने 9 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में आज 8 अप्रैल को सभी जिलों में बारिश हो रही है। रात को शुरू हुई बारिश आज सुबह भी जारी है। अप्रैल में हो रही बारिश से लोग आश्चर्यचकित हैं। पहाड़ के लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले अप्रैल में इस तरह बारिश और ऐसी ठंड पहले नहीं देखी थी। ऊंचे हिमालय पर स्थित उत्तरकाशी जिले से लेकर मैदान में स्थित ऊधम सिंह नगर जिले में भी बारिश हो रही है।सभी पहाड़ी जिलों में रात से ही बारिश हो रही है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो रही है। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में भी बर्फबारी हो रही है। बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है।
देर रात से शुरू हुई बेमौसम बारिश ने कालाढूंगी, बैलपड़ाव, रामनगर, कोटाबाग और पिरूमदारा सहित कई ग्राम सभाओं में किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में तैयार खड़ी और कटी हुई फसलें बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
कालाढूंगी क्षेत्र में देर रात से हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिन फसलों की कटाई का समय चल रहा था, वे अब भारी नुकसान की चपेट में आ गई हैं। गेहूं, चना, मसूर और जौ की फसलें जहां पूरी तरह पककर तैयार खड़ी थीं, वहीं कई किसानों ने इन फसलों को काटकर खेतों में ही रखा हुआ था।
अचानक हुई इस बारिश ने कटी हुई फसलों को पूरी तरह भिगो दिया, जिससे उनके खराब होने का खतरा बढ़ गया है। खेतों में पानी भरने और लगातार हो रही रिमझिम बारिश के कारण फसल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है, इससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। स्थानीय किसानों के चेहरे पर मायूसी साफ देखी जा सकती है। कई किसानों का कहना है कि इस बार फसल अच्छी हुई थी और उन्हें अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।