August 3, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर मोहित डिमरी का सांकेतिक उपवास, मुख्यमंत्री को भेजा सात सूत्रीय ज्ञापन 

रुद्रप्रयाग। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, जिला चिकित्सालय सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर शीघ्र नियुक्ति तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर युवा नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने सोमवार को जिला चिकित्सालय परिसर में सांकेतिक उपवास एवं धरना दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन प्रेषित कर जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किए जाने की मांग उठाई।
मोहित डिमरी ने कहा कि रुद्रप्रयाग जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। जिला चिकित्सालय सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण आम जनता को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार नहीं मिल पा रहा है। इसका सबसे अधिक प्रभाव दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब एवं जरूरतमंद लोगों पर पड़ रहा है।
ज्ञापन में उन्होंने जिला चिकित्सालय में रिक्त ईएनटी, नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं जनरल सर्जन के पदों पर तत्काल नियुक्ति, दो स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा दो बाल रोग विशेषज्ञों की तैनाती, रेडियोलॉजी सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशेषज्ञ एवं तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति, 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को मजबूत बनाने तथा खराब एम्बुलेंसों की मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय से वेतन प्राप्त कर रहे, लेकिन अन्य जनपदों में संबद्ध नर्सिंग स्टाफ की समीक्षा कर उनकी सेवाएं जनपद में उपलब्ध कराने अथवा रिक्त पदों पर नई नियुक्तियां करने, जिला चिकित्सालय से कोटेश्वर चिकित्सालय के वार्ड तक रेफर मरीजों के लिए निःशुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराने तथा भारतीय जन स्वास्थ्य मानकों (आईपीएचएस) के अनुरूप जिला चिकित्सालय एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
मोहित डिमरी ने कहा कि रुद्रप्रयाग चारधाम यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है। यात्रा सीजन के दौरान लाखों श्रद्धालु जनपद से होकर गुजरते हैं, जबकि स्थानीय जनता भी इन्हीं स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर है। ऐसे में स्वास्थ्य व्यवस्था का मजबूत और संसाधनयुक्त होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन पर आगामी 15 दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई करते हुए रिक्त पदों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो जनहित में रुद्रप्रयाग की जनता के साथ व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।