August 8, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्टरू चार जिलों के लिए चेतावनी जारी

देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर कुछ थमा है, लेकिन रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर जिलों के लिए भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी है। बदरीनाथ हाईवे सुचारू है और सभी प्रमुख नदियां चेतावनी स्तर से नीचे बह रही हैं, जिससे यात्राएं जारी हैं।
प्रदेश में भारी बारिश का दौर कुछ थमा है, लेकिन बादलों की आवाजाही के बीच बौछारों का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक आज रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट है। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपदों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
चमोली जिले में रात को बारिश हुई, जिसके बाद शनिवार को मौसम साफ हो गया। बदरीनाथ हाईवे सुचारू है। हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ धाम व फूलों की घाटी की यात्रा जारी है।
जनपद में शनिवार सुबह बादल और कोहरा छाया रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले की तीनों तहसीलों रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ और जखोली में बीते 24 घंटे में बारिश दर्ज नहीं की गई।सड़क मार्गों की स्थिति में एनएच और एसएच पूरी तरह खुले हैं। अलकनंदा नदी 625 मीटर पर बह रही थी, जबकि इसका चेतावनी स्तर 626 मीटर और खतरे का निशान 627 मीटर है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.45 मीटर दर्ज किया गया, जो इसके चेतावनी स्तर 625 मीटर से नीचे है। इसी तरह गंगानगर में नदी का जलस्तर 800.08 मीटर तथा गौरीकुंड में 1973.85 मीटर दर्ज किया गया। दोनों स्थानों पर जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है।