April 25, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

पूरे 365 दिन के संकलित घटनाक्रम के साथ विश्व संवाद केन्द्र की वार्षिकी 2017 लोकार्पित

देहरादून। विश्व संवाद केन्द्र द्वारा वर्ष 2017 में घटित राष्ट्रीय-अन्तरराष्ट्रीय घटनाओं के विश्लेषण के साथ वार्षिकी 2017 को एक पुस्तिका के रूप में लोकार्पित किया गया जिसमें वर्ष 2017 के प्रत्येक दिन घटित महत्वपूर्ण घटनाक्रम को भी उल्लेखित किया गया है।
वार्षिकी 2017 में जी0एस0टी0 से लेकर फिल्म पदमावत तक वर्ष 2017 में घटित अनेक घटनाओं का सुन्दर विश्लेषण किया है परन्तु सर्वाधिक महत्चपूर्ण पहलू यह है कि पुस्तिका में 01 जनवरी 2017 से 31 दिसम्बर 2017 तक पूरे 365 दिनों में घटित घटनाक्रम को विश्व संवाद केन्द्र के निदेशक विजय कुमार जी द्वारा संकलित कर प्रकाशित किया गया है। साथ ही वर्ष 2017 में घटित प्रमुख अन्तरराष्ट्रीय घटनाओं का भी माहवार तिथि वार विवरण प्रकाशित किया गया है। पूरे वर्ष के प्रतिदिन घटित घटनाक्रम को संकलित किया जाना न केवल एक चुनौती पूर्ण कार्य है वरन शोधार्थियों से लेकर सभी वर्गों के लिये संगृहणीय आलेख है।
समारोह के मुख्य वक्ता डा0 कुलदीप चन्द्र अग्निहोत्री (कुलपति, हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला, हिमाचल) द्वारा वर्ष 1947 में हुए भारत-पाकिस्तान विभाजन को हिन्दू-मुसलमान के आधार पर न होकर एक नए दृष्टिकोण से अवगत कराया जिसके अनुसार भारत को शेष विश्व से भौगोलिक रूप में अलग-थलग करने के लिये अंग्रेजों द्वारा रचा गया षडयंत्र बताया।
समारोह की अध्यक्षता उच्च शिक्षा मंत्री डा0 धन सिंह रावत ने, मुख्य अतिथि के रूप में प्रो0 अभिमन्यु कुमार (कुलपति, उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, देहरादून) उपस्थित रहे जबकि संचालन डा0 देवेन्द्र भसीन (सम्पादक वार्षिकी 2017) ने किया। पत्रिका का सह सम्पादन श्री राजेन्द्र पन्त ने किया। स्वागत व आभार प्रदर्शन राजकुमार टांक (सचिव, विश्व संवाद केन्द्र) ने किया।