April 30, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

पूर्व गोवा कांग्रेस अध्यक्ष शांताराम नाइक का निधन, राहुल गांधी ने जताया शोक

पणजी/नई दिल्ली । गोवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और दो बार राज्यसभा सांसद रह चुके शाताराम नाइक का आज दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी जगह बने नए राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चांडेकर ने बताया कि 76 वर्षीय नाइक का आज सुबह करीब  6.30 बजे निधन हो गया।”

चांडेकर ने बताया कि, नाइक ने छाती के दर्द की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें मागाओ शहर में एक निजी त्रिमुर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दक्षिण गोवा में अपने गांव कुंकोलिम में रविवार को सुबह 10.30 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने नाइक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट कर लिखा: “मुझे खेद है कि गोवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री शंताराम नाइक अब हमारे बीच नहीं रहे। सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने गोवा के स्वतंत्र राज्य बनने की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है।”

आपको बता दें कि हाल ही में गोवा कांग्रेस की अध्यक्षता में नाइक ने 2005 से 2011 और 2011 से 2017 तक लगातार बार राज्यसभा में राज्य का प्रतिनिधित्व किया। 1967 में नाइक ने एक कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत की थी और 1984 में उत्तर गोवा लोकसभा सीट पर सफलतापूर्वक चुनाव लड़े। उन्होंने 30 मई 1987 को गोवा को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए बिल पारित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।