(UK Review)कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के अंतर्गत झंडीचौड़ क्षेत्र में जंगल से लगी बंजर भूमि पर एक नर हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। हाथी का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गये। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पंहुच कर हाथी के शव को कब्जे में ले लिया। वन विभाग का मानना है कि करंट लगने के कारण हाथी की मौत हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के अंतर्गत झंडीचौड़ क्षेत्र में एक हाथी का शव पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। इस पर वन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। दरअसल, इन दिनों काश्तकारों ने अपने खेतों में धान की फसल उगाई हुई है और फसल को खाने के चक्कर में हाथी व अन्य जंगली जानवर आये दिन खेतों की ओर रुख कर रहे हैं। वन विभाग का मानना है कि करीब 35 साल के इस हाथी की करंट लगने से मौत हुई है। रेंजर बीबी शर्मा ने आशंका जताई कि जंगली जानवरों को खेतों की तरफ आने से रोकने के लिए तारों में करंट छोड़ा गया हो जिससे हाथी की मौत हो गई। कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
करंट लगने से हुई हाथी की मौत

More Stories
डीएम ने अरविंद गैस एजेंसी रेसकोर्स से 13890 गैस कनेक्शन जीवन ज्योति एजेंसी कैनाल रोड में करवाए शिफ्ट
मुख्य सचिव ने 25 बिंदु कार्यक्रम के वर्ष 2026-27 के लिए शीघ्र लक्ष्य निर्धारित किए जाने के निर्देश दिए
हेमवती नंदन बहुगुणा सदैव किसानों और गरीबों के हितों के लिए समर्पित रहेः सीएम