April 24, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

विश्व पर्यटन दिवस:उत्तराखंड को मिला “राष्ट्रीय फिल्म संवर्धन हितैषी राज्य पुरस्कार”

 विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य पर उत्तराखंड को राष्ट्रीय फिल्म संवर्धन हितैषी सम्मान मिला है। उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के हाथों पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने यह सम्मान प्राप्त किया है। महाराज ने कहा कि उत्तराखंड फिल्म उद्योग के क्षेत्र में नई ऊंचाई छू रहा है। यहां के नैसर्गिक सौंदर्य को सरकार दुनिया के सामने लाने में सफल हुई है। पुरस्कार मिलने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मुङो खुशी है पर्यटन को प्रोत्साहित करने की हमारी कोशिशें रंग ला रही है उत्तराखंड की वादियां फिल्म शूटिंग का पसंदीदा डेस्टिनेशन बन रही है।

राज्य में फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने के लिए सरकार ने एकल खिड़की व्यवस्था लागू की है। इससे यहां फिल्म बनाने के लिए नामी निर्माता और निर्देशक पहुंच रहे हैं। उत्तराखंड में बनी कई फिल्म राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर छाने में सफल रही है। कम समय पर राज्य की फिल्म नीति, फिल्मों को प्रोत्साहन देने, मनोरंजन टैक्स छूट, अनुदान जैसे निर्णय ने देश और दुनिया में उत्तराखंड का फिल्म उद्योग के क्षेत्र में मान बढ़ाया है।

यही कारण है कि विश्व पर्यटन दिवस पर दिल्ली में उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने यूएनडब्ल्यूटीओ के महासचिव जुरब पोलोलिकाश्विली, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की मौजूदगी में यह सम्मान राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को दिया गया है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड क्षेत्रीय एवं बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए स्वर्ग है।