October 29, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

शराब पर कोविड टैक्स लगाने व पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी को राज्य कैबिनेट ने दी मंजूरी

देहरादून। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में शराब पर कोविड टैक्स और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा करने की मोहर लगा दी है। वहीं, बाहरी राज्यों से लोगों को हरिद्वार में अस्थि विसर्जन की अनुमति मिलेगी। अस्थि विसर्जन करने के लिए अधिकतम दो लोग ही आ सकते हैं।
प्रदेश सरकार ने माली हालत सुधारने के लिए आज हुई कैबिनेट बैठक में अहम फैसला लिया है। दिल्ली की ही तरह उत्तराखंड में भी सरकार ने शराब पर कोविड टैक्स लगाया गया है। यही नहीं, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी इजाफा किए हैं। आमदनी ठप होने से प्रदेश सरकार की मुश्किलें बढ़ गई थीं। अब इन मुश्किलों से पार पाने के तरीके ढूंढे गए हैं। आमदनी में इजाफा नहीं हुआ तो विकास कार्य, निर्माण कार्य तो दूर की बात कर्मचारियों को वेतन देने के लाले पड़ सकते हैं। दरअसल, राजस्व प्राप्त करने के लिहाज से अप्रैल का महीना तकरीबन सूखा गुजरा है। मई महीने में स्थिति में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद कम ही है। कैबिनेट बैठक में शराब पर 20 से 200 रुपये की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है, जबकि विदेश से लाई जाने वाली शराब पर 475 रुपये और देशी पर 20 रुपये प्रति बोतल की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, पेट्रोल पर 2 रुपये और डीजल पर एक रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।