October 26, 2026

Uttarakhand Review

News Portal

नगर निगम ने शुरू की चारधाम यात्रा की तैयारियां

ऋषिकेश। ऋषिकेश नगर निगम प्रशासन ने चारधाम यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है। महापौर अनीता ममगाईं ने निगम अधिकारियों की बैठक लेकर उनसे तैयारियों का फीडबैक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
शनिवार की दोपहर निगम अधिकारियों की बैठक लेते हुए महापौर ने कहा कि देश में कोरोना के मामले घटे हैं। पिछले दो सालों से कोरोना के कारण चारधाम यात्रा नहीं चल पाई। इस बार सब कुछ सही रहा तो पहले की तरह चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान पूरे देश की निगाहें यात्रा के मुख्य द्वार ऋषिकेश पर होंगी। इसलिए हम सबको समय पर तमाम तैयारियां पूरी करनी हैं।उन्होंने साफ सफाई को लेकर सफाई निरीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग यहां बिल्कुल न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाएं। यहां आने वाले श्रद्वालुओं को सभी बुनियाद सुविधाएं बेहतर तरीके से मिलनी चाहिए। इसके लिए तमाम विभागों से आवश्यक समन्वय कायम करें। कहा कि स्वच्छता पर विशेष फोकस रहना चाहिए। नालों की नियमित सफाई के साथ दोनों टाईम कीटनाशक दवाओं का छिड़काव शहर के प्रमुख क्षेत्रों में होना चाहिए।इसके अलावा पथ प्रकाश व्यवस्था को भी चाक चौबंद करने के आदेश महापौर ने दिए। बैठक में सहायक नगर आयुक्त एलम दास, सफाई विभाग से सफाई निरीक्षक धीरेन्द्र सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, सुभाष सेमवाल, विद्युत विभाग से लाइट इंस्पेक्टर सुंदर पंवार, विनोद पुरोहित आदि मौजूद रहे।